डूंगरपुर के बेरणिया फला में वन विभाग के पिंजरे में में कैद हुआ लेपर्ड
एक महीने से रघुनाथपुरा और आसपास के गांवों में पालतू जानवरों का शिकार कर रहा था।
दोवड़ा । डूंगरपुर के दोवड़ा पंचायत समिति के रघुनाथपुरा ग्राम पंचायत के बेरणिया फला में शनिवार सुबह एक लेपर्ड वन विभाग के पिंजरे में पकड़ा गया। यह लेपर्ड पिछले एक महीने से रघुनाथपुरा और आसपास के गांवों में पालतू जानवरों का शिकार कर रहा था।

वन विभाग ने कई स्थानों पर पिंजरे लगाए थे। शनिवार सुबह बेरणिया फला में लेपर्ड के गुर्राने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। रेंजर यशपाल सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि एक वयस्क लेपर्ड पिंजरे में कैद हो गया है। माना जा रहा है कि वह रात के समय शिकार की तलाश में पिंजरे में फंस गया।
वनपाल चंद्रवीर सिंह और अन्य कर्मचारियों की मदद से तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। उसे मुख्यालय ले जाया गया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद जंगल में छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को तेंदुए के आतंक से राहत मिली है।


